𝗧𝗩 𝟯𝟳

𝗧𝗛𝗘 𝗙𝗢𝗨𝗥𝗧𝗛 𝗣𝗜𝗟𝗟𝗔𝗥 𝗢𝗙 𝗗𝗘𝗠𝗢𝗖𝗥𝗔𝗖𝗬

अयोध्या के सरकारी स्कूलों में YouTubers और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की एंट्री बैन

अयोध्या के सरकारी स्कूलों में YouTubers और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की एंट्री बैनअयोध्या : उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के परिषदीय विद्यालयों में अब बिना अनुमति बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए स्कूल परिसरों में यू-ट्यूबर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और अन्य बाहरी लोगों के प्रवेश पर सख्ती कर दी है।आदेश के अनुसार, कोई भी बाहरी व्यक्ति, यू-ट्यूबर या सोशल मीडिया से जुड़ा व्यक्ति जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अथवा सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना जिले के किसी भी परिषदीय विद्यालय परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेगा।इसके साथ ही विद्यालय परिसर के भीतर बिना अनुमति किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों में पहुंचने वाले बाहरी लोगों को पहले संबंधित सक्षम अधिकारी से अनुमति लेनी होगी।बिना अनुमति स्कूल परिसर में प्रवेश करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। सभी संबंधित विद्यालयों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।इस आदेश के बाद अयोध्या के सरकारी स्कूलों में YouTube और सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के लिए बिना अनुमति प्रवेश पर पूरी तरह रोक लग गई है।

धनबाद के फोटोग्राफरों ने लेंस उत्सव-2026 में लहराया परचम

धनबाद के फोटोग्राफरों ने लेंस उत्सव-2026 में लहराया परचम – चंदन पॉल , सुभोजित घोषाल, राजकुमार सिंह रहे विजेता धनबाद : विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर झारखंड फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से रांची के आड्रे हाउस में आयोजित दो दिवसीय लेंस उत्सव-2026 का समापन हुआ। समारोह में धनबाद के फोटोग्राफरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार हासिल किए। नेचर श्रेणी में धनबाद के फोटोग्राफर चंदन पॉल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं फेस्टिवल श्रेणी में धनबाद के फोटोजर्नलिस्ट सुभोजीत घोषाल प्रथम रहे। स्ट्रीट फोटोग्राफी श्रेणी में चंदन स्टूडियो के राजकुमार सिंह ने द्वितीय स्थान हासिल किया।समापन समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू थे। उन्होंने विभिन्न श्रेणियों के विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और सभी फोटोग्राफरों को शुभकामनाएं दीं।लेंस उत्सव में झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के फोटो जर्नलिस्टों एवं फोटोग्राफरों की तस्वीरों की प्रदर्शनी लगाई गई। आयोजन में करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनी में सामाजिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक, वन्यजीव और पर्यटन से जुड़ी तस्वीरों को प्रदर्शित किया गया। समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए. झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे फोटो जर्नलिस्टों ने अपनी तस्वीरों के माध्यम से समाज, संस्कृति और बदलते समय की झलक प्रस्तुत की। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि एक तस्वीर कई बार उन भावनाओं और घटनाओं को बयां कर देती है, जिन्हें हजार शब्दों में कहना मुश्किल होता है। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफर अपनी तस्वीरों के माध्यम से समाज और समय की महत्वपूर्ण घटनाओं को दस्तावेज के रूप में सुरक्षित रखते हैं। एक तस्वीर किसी घटना, व्यक्ति या परिस्थिति को लंबे समय तक स्मृतियों में जीवित रखने का काम करती है।विभिन्न श्रेणियों में विजेतानेचर श्रेणी: चंदन पॉल प्रथम, अभिषेक द्वितीय और श्रुति सहाय तृतीय।फेस्टिवल श्रेणी: सुभोजीत घोषाल प्रथम, रुद्र रंजीत द्वितीय और राजेश कुमार तृतीय।स्ट्रीट फोटोग्राफी: सलार खान प्रथम, चंदन स्टूडियो के राजकुमार सिंह द्वितीय और गौरव हर्ष तृतीय।टूरिज्म श्रेणी: बिमल तमांग प्रथम, हजारीबाग के रवि सिंह द्वितीय और प्रीतम कुमार तृतीय।वाइल्डलाइफ श्रेणी: यश युवराज प्रथम, अक्षय आकाश द्वितीय और राजेश कुमार तृतीय।आयोजन में शामिल फोटो जर्नलिस्टों ने लेंस उत्सव को फोटोग्राफी के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से फोटोग्राफरों को अपनी रचनात्मकता, हुनर और दृष्टिकोण को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।

उपायुक्त ने होमगार्ड अभ्यर्थियों के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कार्य का किया औचक निरीक्षण

उपायुक्त ने होमगार्ड अभ्यर्थियों के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कार्य का किया औचक निरीक्षण​उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों के चल रहे मेडिकल जांच एवं मूल प्रमाण पत्रों के सत्यापन कार्य का आज औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया।​सत्यापन कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 4 टीमों का गठन किया गया है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की शारीरिक व चिकित्सकीय जांच के लिए एक मेडिकल टीम भी तैनात है।​उपायुक्त ने कहा कि सभी चयनित अभ्यर्थियों को सत्यापन हेतु स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षणिक, तकनीकी व आवासीय प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियां एवं स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रतियां साथ लेकर आएं।​निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने या अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर संबंधित अभ्यर्थी के विरुद्ध झारखण्ड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के सुसंगत प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।​उपायुक्त ने दोहराया कि जिला प्रशासन ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराया है। ठीक उसी मानक के तहत मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को भी पूर्ण कराया जाएगा ताकि केवल योग्य अभ्यर्थियों का ही अंतिम चयन सुनिश्चित हो सके।

धनबाद : पुनर्वास योजना से संतुष्ट केंदुआडीह के 170 परिवार बेलगड़िया शिफ्ट होने को तैयार

पुनर्वास योजना से संतुष्ट केंदुआडीह के 170 परिवार बेलगड़िया शिफ्ट होने को तैयार*विस्थापितों को मिलेंगे 2 क्वार्टर, ₹2.5 लाख की आर्थिक सहायता*केंदुआडीह स्थित राजपूत बस्ती और मुस्लिम बस्ती के 170 विस्थापित परिवार पुनर्वास योजना से संतुष्ट होकर बेलगड़िया शिफ्ट होने को तैयार हो गए हैं।इसकी जानकारी देते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने बताया कि केंदुआडीह स्थित राजपूत बस्ती और मुस्लिम बस्ती के निवासियों को बेलगड़िया टाउनशिप में बसाने के लिए आज केंदुआडीह वीटीसी में आयोजित बैठक के दौरान जेआरडीए और बीसीसीएल के अधिकारियों ने प्रभावित ग्रामीणों के साथ पुनर्वास योजना की विस्तृत रूपरेखा साझा की।जिसमें प्रत्येक विस्थापित परिवार को बेलगड़िया टाउनशिप में 2 क्वार्टर आवंटित करने, शिफ्टिंग के दौरान परिवारों को तुरंत शिफ्टिंग भत्ता ₹50,000, किराया भत्ता ₹50,000 और आजीविका सहायता ₹50,000 सहित ₹1.5 लाख देने के बारे में बताया गया। साथ में उन्हें बताया गया कि पुनर्वास के 6 महीने पूरे होने के बाद ₹1 लाख की शेष राशि का भुगतान सहित कुल सहायता राशि ₹2.50 लाख तय की गई है।बैठक के दौरान ग्रामीणों ने बेलगड़िया में मंदिर, मस्जिद और कब्रिस्तान जैसी मूलभूत धार्मिक व सामाजिक सुविधाओं की मांग रखी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि टाउनशिप में वर्तमान में 1 मस्जिद पहले से मौजूद है। ग्रामीणों की मांग पर विचार करते हुए जेआरडीए द्वारा आगे अतिरिक्त मंदिर, मस्जिद और कब्रिस्तान के निर्माण पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा।अधिकारियों के आश्वासनों और पुनर्वास पैकेज की शर्तों पर स्थानीय निवासियों ने पूर्ण संतोष व्यक्त किया और बेलगड़िया टाउनशिप में शिफ्ट होने के लिए राजी हो गए।बैठक में बीसीसीएल पुटकी बलिहारी के सीनियर मैनेजर सतीश कुमार गुप्ता एवं असिस्टेंट मैनेजर (आर एंड आर) पावन वत्स मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

आयुष चिकित्सकों के चयन के लिए वॉक-इन-इंटरव्यू संपन्न

आयुष चिकित्सकों के चयन के लिए वॉक-इन-इंटरव्यू संपन्नउपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने एवं आमजन तक पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से आयुष चिकित्सक एवं सहायक चिकित्सक के रिक्त पदों के लिए आज वॉक-इन-इंटरव्यू संपन्न हुआ।इंटरव्यू में जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से 19 आयुष चिकित्सकों ने साक्षात्कार में भाग लिया। चयन समिति ने सभी अभ्यर्थियों के कार्यानुभव, शैक्षणिक योग्यता सहित अन्य बिंदुओं पर साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार की पूरी वीडियोग्राफी कराई गई।चयन समिति में अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, अपर समाहर्ता श्री प्रदीप कुमार शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ रोहित गौतम, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सचिव डॉ राकेश इंदर, डॉ मंजु दास, सिविल सर्जन कार्यालय की मेडिकल ऑफिसर डॉ रेखा कुमारी, मेडिकल ऑफिसर आयुष डॉ अमरेन्द्र पाठक, होमियोपैथी फिजिशियन डॉ जयश्री, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी श्री संजय कुमार झा मौजूद थे।

धनबाद : दावा-आपत्ति की नोटिस सुनवाई को लेकर उपायुक्त ने दिया ऑनलाइन प्रशिक्षण

धनबाद : दावा-आपत्ति की नोटिस सुनवाई को लेकर उपायुक्त ने दिया ऑनलाइन प्रशिक्षणजिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 को लेकर आज सभी ईआरओ, एईआरओ तथा अतिरिक्त एईआरओ को दावा-आपत्ति के दौरान संबंधित दस्तावेजों की जांच व नोटिस सुनवाई को लेकर ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया।इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त दावा एवं आपत्ति अवधि में दर्ज मामलों की नोटिस सुनवाई तथा संबंधित दस्तावेजों की जांच का कार्य आगामी 24 अगस्त 2026 से प्रारंभ होने जा रहा है।उन्होंने कहा कि नोटिस सुनवाई की प्रक्रिया में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करें। निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूरा करें। इस प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराएं।प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने नोटिस सुनवाई, साक्ष्य सत्यापन एवं दावों के निष्पादन से संबंधित तकनीकी व विधिक पहलुओं पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। साथ में ईआरओ, एईआरओ तथा अतिरिक्त एईआरओ की शंकाओं का समाधान किया।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए समयबद्ध तरीके से नोटिस सुनवाई व सत्यापन कार्य निष्पादित करने का निर्देश दिया।ऑनलाइन प्रशिक्षण में सिंदरी विधानसभा के ईआरओ सह अपर समाहर्ता श्री प्रदीप कुमार शुक्ला, निरसा के ईआरओ सह एडीएम सप्लाई श्री पंकज कुमार, धनबाद विस के ईआरओ सह अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, झरिया विस के ईआरओ सह एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री अरविंद कुमार ओझा, टुंडी विस के ईआरओ सह डीसीएलआर श्री दिलीप कुमार महतो, बाघमारा विस के ईआरओ सह निदेशक डीआरडीबी श्री राजीव रंजन, सभी एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ शामिल रहे।

रांची : प्रोजेक्ट भवन के बाहर अभ्यर्थियों का जोरदार हंगामा: JSSC CGL रद्द करने का फैसला वापस लेने की मांग, पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद अंदर घुसे अभ्यर्थी

रांची : प्रोजेक्ट भवन के बाहर अभ्यर्थियों का जोरदार हंगामा: JSSC CGL रद्द करने का फैसला वापस लेने की मांग, पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद अंदर घुसे अभ्यर्थीराँची: झारखंड की राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन (सचिवालय) के बाहर विभिन्न मांगों को लेकर बर्खास्त व नाराज अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया है. सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रोजेक्ट भवन के मुख्य द्वार पर लगे बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और सुरक्षा घेरा लांघकर परिसर के भीतर प्रवेश कर गए. इस दौरान पुलिस बल और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली.“न्याय दो या फांसी दो” के नारों से गूंजा परिसरप्रोजेक्ट भवन के मुख्य द्वार को पूरी तरह से अवरुद्ध करते हुए अभ्यर्थियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारी “आवाज दो, हम एक हैं”, “तानाशाही नहीं चलेगी” और “न्याय दो या फांसी दो” के नारे लगाते हुए अपनी मांग पर डटे हुए हैं.विरोध प्रदर्शन का मुख्य कारण JSSC CGLपरीक्षा को रद्द करने के आदेश को वापस लेने की मांग है। प्रदर्शन के दौरान कई अभ्यर्थी भावुक होकर जमीन पर लेट गए और रोते हुए न्याय की गुहार लगाने लगे, जिससे परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई.प्रोजेक्ट भवन में भारी पुलिस बल तैनातघटना की संवेदनशीलता को देखते हुए परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है. मौके पर पहुंचे हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित क्षेत्र में धारा 144 / 163 बीएनएस (BNS) लागू है.डीएसपी नीरज कुमार ने कहा, “अभ्यर्थी पढ़े-लिखे युवा हैं, उन्हें यह समझना होगा कि इस तरह के प्रतिबंधित और अति-संवेदनशील सरकारी परिसर में विरोध प्रदर्शन करने से उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है. हम उनसे शांतिपूर्वक बाहर निकलने की अपील कर रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने मीडिया से भी अनुरोध किया कि वे अपनी खबरों के माध्यम से अभ्यर्थियों को जागरूक करें ताकि वे इस अति-संवेदनशील क्षेत्र से बाहर चले जाएं और स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभाला जा सके. फिलहाल प्रोजेक्ट भवन परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस-प्रशासन अभ्यर्थियों को समझाने-बुझाने और परिसर से बाहर निकालने का प्रयास कर रहा है.

झारखंड पुलिस में तबादला: डीएसपी पतरस बरवा को मिली धनबाद रेल की कमान – 𝗧𝗩 𝟯𝟳

झारखंड पुलिस में तबादला: डीएसपी पतरस बरवा को मिली धनबाद रेल की कमानराँची: गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड सरकार के आदेश के बाद राज्य पुलिस प्रशासन में स्थानांतरण किया गया है. विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत बोकारो जैप-4 में पदस्थापित डीएसपी पतरस बरवा का तबादला कर दिया गया है. जारी आदेश के अनुसार, पतरस बरवाको स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक डीएसपी (प्रथम), रेल, धनबाद के पद पर पदस्थापित किया गया है. डीजीपी ऑफिस द्वारा गत्यादेश जारी करते हुए संबंधित अधिकारी को अविलंब अपना नया पदभार ग्रहण करने और अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है.

धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने DLSA अधिकारी का किया स्वागत, पुलिस लाइन में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने DLSA अधिकारी का किया स्वागत, पुलिस लाइन में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमधनबाद। पुलिस लाइन में आयोजित साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के दौरान धनबाद थाना प्रभारी ने DLSA अधिकारी का स्वागत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों, पुलिसकर्मियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा।कार्यक्रम में साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों, फर्जी कॉल, लिंक, OTP, बैंकिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें।धनबाद पुलिस की ओर से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों, DLSA प्रतिनिधियों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

निर्माण परियोजनाओं में लापरवाही पर डीएम का बड़ा एक्शन, कई अफसरों पर गिरी गाज!

निर्माण परियोजनाओं में लापरवाही पर डीएम का बड़ा एक्शन, कई अफसरों पर गिरी गाज!कई अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश, वेतन रोकने से लेकर निलंबन की संस्तुति तकवाराणसी | 18 अगस्त 2026वाराणसी में विकास एवं निर्माण परियोजनाओं में लापरवाही और अनावश्यक देरी को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान कई अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी गतिमान परियोजनाओं को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक पर कार्रवाईनिर्माण कार्यों में लापरवाही के मामले में राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, भदोही के परियोजना प्रबंधक को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ विभागीय कार्रवाई और निलंबन के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।जल निगम के अधिकारी भी कार्रवाई के घेरे मेंउत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के संबंधित अधिशासी अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। वहीं मुख्य अभियंता जल निगम से स्पष्टीकरण तलब करते हुए विभागीय कार्रवाई के लिए भी लिखा गया।CM ग्रिड योजना में भी जवाबदेही तयCM ग्रिड योजना के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही चीफ इंजीनियर से स्पष्टीकरण मांगा गया है।PM ग्राम सड़क योजना और PWD पर भी सख्तीप्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के दो सहायक अभियंताओं का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता और अवर अभियंता से स्पष्टीकरण मांगते हुए विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई।इसके अलावा नलकूप खंड-प्रथम के अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने का निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिया।परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देशसमीक्षा बैठक में डीएम ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में भूमि, बजट, बिजली, विभागीय समन्वय या अन्य कारणों से काम प्रभावित है, उसका तत्काल समाधान कराया जाए।उन्होंने प्रत्येक परियोजना की भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित निगरानी करने तथा प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को शीघ्र संबंधित विभाग को हस्तांतरित कर आम जनता के उपयोग में लाने को भी कहा।जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि निर्माण परियोजनाएं सीधे तौर पर जनहित से जुड़ी हैं। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि जनता को निर्धारित समय पर परियोजनाओं का लाभ मिले और सरकारी धन का सदुपयोग हो।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।डीएम का सख्त संदेश—काम में देरी नहीं चलेगी, विकास परियोजनाओं में लापरवाही पर जिम्मेदारी तय होगी!