उपायुक्त की अध्यक्षता में झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (JRDA) की तीसरी प्रबंध पर्षद बैठक संपन्न*बेलगड़िया टाउनशिप में विकास योजनाओं व कौशल विकास प्रशिक्षण को मिली गति*समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में ‘झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार’ (JRDA), धनबाद की तीसरी प्रबंध पर्षद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनर्वास क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के विस्तार, युवाओं के कौशल संवर्धन तथा विभिन्न विकासात्मक कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण एजेंडों पर बिंदुवार विचार-विमर्श कर आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान की गईं।बैठक में निविदा स्वीकृति एवं कार्य आवंटन, कौशल विकास केंद्र एवं छात्रावास की क्षमता में विस्तार, विभिन्न ट्रेड्स में मोबिलाइजेशन, घटनोत्तर प्रशासनिक स्वीकृति तथा बेलगड़िया टाउनशिप में LED स्ट्रीट लाइट की सौगात को लेकर चर्चा की गई।इस दौरान बेलगड़िया टाउनशिप में संचालित आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम (Residential Skill Development Training Programme) के तहत प्रशिक्षण केंद्र और छात्रावास की स्वीकृत प्रवेश क्षमता (Intake Capacity) को बढ़ाने का निर्णय लिया गया, जिससे अधिक से अधिक विस्थापित युवाओं को आवासीय प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।साथ ही विभिन्न तकनीकी एवं रोजगारपरक ट्रेड्स में युवाओं को प्रशिक्षण से जोड़ने हेतु प्रभावी मोबिलाइजेशन रणनीति पर चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा बेलगड़िया टाउनशिप के फेज-I, फेज-II एवं फेज-III में सुगम आवागमन व बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से LED स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन कार्य को स्वीकृति दी गई।उपायुक्त ने योजनाओं के क्रियान्वयन में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी स्वीकृत एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द शुरू कर निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पुनर्वास से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि बेलगड़िया टाउनशिप में रह रहे परिवारों को सभी मूलभूत नागरिक सुविधाएं ससमय उपलब्ध कराई जाएं तथा कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार व रोजगार के अवसरों से प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाए।बैठक में बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल, निदेशक डीआरडीबी श्री राजीव रंजन, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बरंगे, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राम नारायण खालको सहित झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार के अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त की अध्यक्षता में झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (JRDA) की तीसरी प्रबंध पर्षद बैठक संपन्न












Leave a Reply