धनबाद में साइबर ठगी के संगठित गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, एक विधि विरुद्ध बालक निरुद्धफर्जी सिम के जरिए UCO बैंक ग्राहकों को बनाते थे निशाना…………….KYC और खाता बंद होने का झांसा देकर OTP हासिल कर उड़ाते थे रकम……………… धनबाद पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। चिरकुंडा थाना क्षेत्र के मुकेश स्टोर से जारी किए गए संदिग्ध सिम कार्ड की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरोह UCO बैंक के ग्राहकों को KYC अपडेट और बैंक खाता बंद होने का झांसा देकर OTP हासिल करता था और फिर खाते से रकम निकालकर वॉलेट में ट्रांसफर कर आपस में बांट लेता था।सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिले के ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने बताया कि दूरसंचार विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई सूचना में सामने आया कि 1 जनवरी 2026 से 29 मई 2026 के बीच धनबाद के चिरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित मुकेश स्टोर पीओएस दुकान से कुल 64 संदिग्ध सिम जारी किए गए। इनमें से 27 सिम के खिलाफ NCRP पोर्टल पर साइबर ठगी की शिकायत दर्ज थी।वरीय अधिकारियों के निर्देश पर निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने सबसे पहले चिरकुंडा में ICICI बैंक के पास स्थित मुकेश स्टोर पर छापेमारी की, लेकिन दुकान बंद मिली। आसपास के लोगों से पूछताछ में दुकान के मालिक मुकेश राय के बारे में जानकारी मिली।जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को पता चला कि चिरकुंडा के लायकडीह इलाके का रहने वाला आयुष सिंह अपने आईडी का इस्तेमाल कर कई सिम कार्ड खरीदता था और उन्हें ऊंची कीमत पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह को बेचता था।पूछताछ के दौरान आयुष सिंह ने पुलिस को साइबर ठगी में शामिल प्रेम रविदास, बिनोद रविदास, गुलाब रविदास और मोहन रविदास के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने निरसा थाना क्षेत्र के मुगमा से आरोपियों को पकड़ा। वहीं, गिरफ्तार प्रेम रविदास ही इस शातिर गिरोह का मुख्य सरगना बताया जा रहा है।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोबाइल फोन के जरिए UCO mPassbook और UCO Secure ऐप का इस्तेमाल करते थे। इसके बाद बैंक ग्राहकों को KYC अपडेट कराने या खाता बंद होने का झांसा देकर उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आया OTP हासिल करते थे।OTP मिलने के बाद आरोपियों द्वारा खाताधारकों के बैंक खाते से रकम साइबर ठगी के जरिए वॉलेट में ट्रांसफर की जाती थी। इसके बाद वॉलेट से रकम निकालकर गिरोह के सदस्य आपस में उसका बंटवारा कर लेते थे।पूछताछ में आरोपियों ने अपने नौ अन्य सहयोगियों के बारे में भी पुलिस को जानकारी दी है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रेम रविदास, बिनोद रविदास, गुलाब रविदास और आयुष सिंह शामिल हैं। वहीं मोहन रविदास को विधि विरुद्ध बालक के रूप में निरुद्ध किया गया है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई मोबाइल फोन, अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड और UCO बैंक से संबंधित ग्राहकों के मोबाइल नंबर एवं खाता नंबरों वाला डाटा भी बरामद किया है।मामले में चिरकुंडा थाना कांड संख्या 159/2026, दिनांक 10 अगस्त 2026 के तहत BNS, IT Act और Telecom Act की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस फरार नौ आरोपियों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साइबर ठगी गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना निशाना बनाया और कितनी रकम की ठगी की गई है।
धनबाद में साइबर ठगी के संगठित गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, एक विधि विरुद्ध बालक निरुद्ध











Leave a Reply