माननीय मंत्री ने छाताबाद भू-धंसान प्रभावितों व बीसीसीएल के बीच कराया समझौताझारखंड सरकार के जल संसाधन विभाग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के माननीय मंत्री हफीजुल हसन की अध्यक्षता में तथा माननीय विधायक टुंडी मथुरा प्रसाद महतो की उपस्थिति में आज संध्या सर्किट हाउस में छाताबाद के भू-धंसान प्रभावित परिवारों, बीसीसीएल तथा जेआरडीए के बीच बैठक संपन्न हुई।लगभग 4 घंटे तक चली बैठक में सभी पक्षों को सुनने के बाद माननीय मंत्री ने छाताबाद के भू-धंसान प्रभावित परिवारों एवं बीसीसीएल के बीच पुनर्वास, मुआवजा, चिकित्सीय सहायता सहित अन्य मुद्दों पर समझौता कराया।प्रभावित परिवारों की मांग पर भू-धंसान क्षेत्र का आईआईटी आईएसएम से सर्वेक्षण करा कर डेंजर जोन का सीमांकन करने एवं उसकी रिपोर्ट एक माह के अंदर देने पर सहमति बनी। साथ-साथ घटना में घायल लोगों की चिकित्सकीय सहायता एवं सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने, खनन के दौरान सुरक्षा व ब्लास्टिंग के नियमों का पालन करने, घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, डेंजर जोन के सर्वे में मस्जिद, मदरसा, ईदगाह एवं स्कूल को शामिल करने पर सहमति बनी। बैठक के दौरान माननीय मंत्री ने कहा कि वे माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर तथा उनके प्रतिनिधि बनकर आज छाताबाद का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने भू-धंसान की घटना पर चिंता जताई है। राज्य सरकार के लिए भू-धंसान तथा डेंजर जोन में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। बैठक में भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्र के आसपास इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम तैयार करने का निर्देश माननीय मंत्री ने दिया। वहीं बीसीसीएल ने बताया कि प्रभावित परिवारों के लिए बेलगड़िया के अलावा अन्य 20-21 साइट शिफ्टिंग के लिए तैयार रखी गई है। उप विकास आयुक्त ने कहा कि डेंजर जोन में रहने वाले लोगों को कई बार बस में बैठाकर बेलगड़िया का भ्रमण कराया है। भ्रमण के दौरान वे बेलगड़िया में रहने के लिए राजी हो जाते हैं। लेकिन वापस जाकर शिफ्टिंग करने के लिए राजी नहीं होते हैं। उन्होंने कहा कि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बेलगड़िया में पानी, बिजली, सड़क, स्कूल, कॉलेज, स्वास्थ्य केन्द्र सहित सभी बुनियादी सुविधाएं प्रदान की है। विस्थापितों के रोजगार के लिए भी कई योजनाओं पर काम चल रहा है।बैठक के समापन पर सभी पक्ष माननीय मंत्री की उपस्थिति में सभी बिंदुओं पर राजी हो गए और बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक श्री संजय कुमार सिंह, वार्ड 32 छाताबाद के पार्षद मोहम्मद शाहबुद्दीन, चंद्रशेखर अग्रवाल, श्री मन्नु आलम के अलावा जेआरडीए, बीसीसीएल के पदाधिकारी व छाताबाद के नागरिक मौजूद थे।