रांची : पांच महीने से वेतन नहीं मिला, खादी बोर्ड के आउटसोर्सिंग कर्मियों ने राज्यपाल से लगाई गुहार
रांची : झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के आउटसोर्सिंग कर्मियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। कर्मियों ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर पिछले पांच महीनों से लंबित वेतन का भुगतान कराने समेत कई मांगें रखीं।
कर्मियों ने वर्ष 2017 में पारित स्थापना पुनर्गठन प्रस्ताव को लागू करने, आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने और बुनकरों की लंबित मजदूरी का भुगतान कराने की मांग की। इसके अलावा खादी बोर्ड में खाली पड़े मुख्य कार्यपालक पद को भरने और वर्ष 2019 से रिक्त अध्यक्ष पद पर नियुक्ति की भी मांग की गई।
कर्मियों का कहना है कि आउटसोर्सिंग व्यवस्था के कारण उन्हें कम वेतन मिलता है, जबकि उनकी मेहनत का लाभ थर्ड पार्टी कंपनी को मिलता है। उन्होंने इस व्यवस्था को जल्द समाप्त कर नियमित व्यवस्था लागू करने की मांग की।
कर्मियों के मुताबिक, राज्यपाल ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मुख्यमंत्री से बातचीत कर जल्द समाधान की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया।












Leave a Reply