𝗧𝗩 𝟯𝟳

झारखण्ड और उत्तरप्रदेश का उभरता हुआ न्यूज़ नेटवर्क

दुमका में बने शिबू सोरेन डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण किया गया

Spread the love

विद्यार्थियों को मिलेगी पढ़ाई और प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करने की बेहतर सुविधा

जेसोवा एवं जिला प्रशासन की पहल से पुराने सरकारी भवन को दिया गया आधुनिक स्वरूप, विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

दुमका:झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) एवं जिला प्रशासन, दुमका के सहयोग से कचहरी परिसर स्थित पुराने सरकारी भवन को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान कर तैयार किये गये शिबू सोरेन डिजिटल लाइब्रेरी का आज लोकार्पण किया गया। इस लाइब्रेरी का उद्देश्य जिले के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है। इस पहल से विद्यार्थियों को अपने ज्ञान का विस्तार करने, नई तकनीकों से जुड़ने और भविष्य में अपने करियर को बेहतर दिशा देने का अवसर मिलेगा।

लाइब्रेरी आये छात्र-छात्राओं से उपायुक्त ने किया संवाद,
पढ़ाई एवं कैरियर के सम्बंध में दिया मार्गदर्शन

शिबू सोरेन डिजिटल लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेने कई विद्यार्थी पहुंचे l उपायुक्त दुमका अभिजीत सिन्हा ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीयता के साथ संवाद किया l उपायुक्त ने बच्चों से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें इस लाइब्रेरी में शांत एवं अनुकूल वातावरण में पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी। यहां उपलब्ध पुस्तकों, डिजिटल लाइब्रेरी और डिजिटल लर्निंग लैब का उपयोग कर वे अपनी पढ़ाई को और बेहतर बना सकते हैं l प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करने में भी इस लाइब्रेरी की मदद ले सकते हैं l
बच्चों से बातचीत के दौरान उपायुक्त ने उनके सपनों और भविष्य में वे क्या बनना चाहते है इसके बारे में पूछा। विद्यार्थियों में कैरियर के प्रति सजगता को जानकर उपायुक्त ने प्रसन्नता जाहिर किया l उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुये कहा जीवन में बड़ा लक्ष्य हासिल करने के लिए अभी से मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की आदत विकसित करना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि मन लगाकर पढ़ाई करें, अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहें और सीखने के हर अवसर का भरपूर उपयोग करें।
उपायुक्त ने कहा कि शिबू सोरेन डिजिटल लाइब्रेरी केवल किताबों और कंप्यूटरों से सुसज्जित एक स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को नई दिशा देने और उनके भविष्य को संवारने का एक प्रयास है। इसका उद्देश्य बच्चों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी क्षमता को पहचान सकें, ज्ञान अर्जित कर सकें और अपने लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आगे बढ़ने के रास्ते में कई चुनौतियां आएंगी, लेकिन निरंतर प्रयास, मेहनत और सीखने की ललक के साथ हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को भरोसा दिलाया कि पढ़ाई के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का उद्देश्य उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करना है, ताकि संसाधनों की कमी उनके सपनों के बीच बाधा न बने।

नीट, जेईई, यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेंगी सुविधाएं

शिबू सोरेन डिजिटल लाइब्रेरी में साहित्य, विज्ञान, दर्शन, इतिहास सहित विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी पुस्तकें एवं अध्ययन सामग्री भी रखी गई हैं। पुस्तकालय में विद्यार्थियों के लिए बैठकर अध्ययन करने के लिए आधुनिक फर्नीचर, निःशुल्क वाई-फाई तथा पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे उन्हें पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके।

पुस्तकालय में एक डिजिटल लर्निंग लैब भी स्थापित की गई है, जहां विद्यार्थी देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों की ऑनलाइन कक्षाओं से जुड़कर नीट, जेईई, यूपीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। डिजिटल माध्यम से अध्ययन करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को एआई आधारित टूल्स के उपयोग, नई तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने तथा अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करने के अवसर भी मिलेंगे।

विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

जेसोवा एवं जिला प्रशासन, दुमका की यह संयुक्त पहल जिले के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुराने सरकारी भवन को आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में विकसित कर विद्यार्थियों के लिए अध्ययन, ज्ञानवर्धन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का एक नया केंद्र तैयार किया गया है। यह पहल विद्यार्थियों को केवल किताबों तक पहुंच उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें अपने सपनों को पहचानने, नए अवसरों को तलाशने और भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर भी प्रदान करती है।शिबू सोरेन डिजिटल लाइब्रेरी विद्यार्थियों के लिए एक ऐसा मंच है, जहां वे ज्ञान अर्जित कर अपने सपनों को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *