चोरबागान हादसे के बाद दुर्गापुर में अलर्ट, SDM अंकिता अग्रवाल ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षणदुर्गापुर : कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दुर्गापुर में पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।इसी कड़ी में पश्चिम बर्धमान जिला प्रशासन और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। रविवार को दुर्गापुर के प्रमुख पूजा पंडालों शंकरपुर सार्वजनीन और फुलझोर सार्वजनीन दुर्गा पूजा मंडप का प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया।दुर्गापुर की सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) अंकिता अग्रवाल और न्यू टाउनशिप थाना पुलिस की टीम ने दोनों पंडालों में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रवेश और निकास द्वार, आपातकालीन रास्तों, रोशनी की व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण से जुड़े इंतजामों की बारीकी से जांच की।शाम के समय इन दोनों पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ को व्यवस्थित रखने और किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने यह भी देखा कि श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्ते पर्याप्त रूप से खुले हैं या नहीं और भीड़ बढ़ने की स्थिति में उसे नियंत्रित करने के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं।निरीक्षण के दौरान SDM अंकिता अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उनका प्रयास है कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और दुर्गापूजा का त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।प्रशासन की ओर से पूजा समितियों को भी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने, भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने और आपातकालीन निकास मार्गों को बाधामुक्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।कोलकाता की घटना के बाद दुर्गापुर में प्रशासन की इस सक्रियता को श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब पूजा पंडालों में भीड़ को नियंत्रित रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
चोरबागान हादसे के बाद दुर्गापुर में अलर्ट, SDM अंकिता अग्रवाल ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण















Leave a Reply