𝗧𝗩 𝟯𝟳

𝗧𝗛𝗘 𝗙𝗢𝗨𝗥𝗧𝗛 𝗣𝗜𝗟𝗟𝗔𝗥 𝗢𝗙 𝗗𝗘𝗠𝗢𝗖𝗥𝗔𝗖𝗬

ब्रह्माकुमारीज़ धनबाद ने लगाया रक्तदान शिविर, 100 यूनिट रक्त संग्रह

ब्रह्माकुमारीज़ धनबाद ने लगाया रक्तदान शिविर, 100 यूनिट रक्त संग्रहधनबाद: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार, 25 अगस्त को ब्रह्माकुमारीज़ धनबाद के डॉक्टर्स कॉलोनी, जगजीवन नगर स्थित मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चले शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर एसएनएमएमसीएच के अधीक्षक डॉ. डी.के. गिनदोरिया, वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. गायत्री सिंह एवं गायत्री कुमारी तथा सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।शिविर में डॉ. ब्रज किशोर पाण्डेय के नेतृत्व में शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के रक्त केंद्र की टीम ने कुल 100 यूनिट रक्त का संग्रह किया।इसके साथ ही प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ डॉ. भद्रा प्रिया और जाने-माने दंत चिकित्सक डॉ. नवीन गोयल के द्वारा नि:शुल्क नेत्र एवं दंत जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।कार्यक्रम के दौरान धनबाद सेवा केंद्र की मुख्य संचालिका अनु दीदी ने रक्तदाताओं को नियमित रूप से रक्तदान करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों का मुख्य उद्देश्य देश में नियमित स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को विकसित करना है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।शिविर में रक्तदाताओं के उत्साह ने मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

बरवाअड्डा थाना प्रभारी से कथित गाली-गलौज मामले में पुलिस एसोसिएशन का आक्रोश, जयराम महतो से 24 घंटे में सार्वजनिक माफी की मांग

बरवाअड्डा थाना प्रभारी से कथित गाली-गलौज मामले में पुलिस एसोसिएशन का आक्रोश, जयराम महतो से 24 घंटे में सार्वजनिक माफी की मांगविधायक पर प्राथमिकी और कार्रवाई की मांग……………कार्रवाई नहीं हुई तो काला बिल्ला, धरना, सड़क जाम और कार्य बहिष्कार तक का आंदोलन.धनबाद में बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा फोन पर कथित गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन शाखा धनबाद ने मंगलवार को धनबाद पुलिस केंद्र में प्रेस वार्ता कर इस मामले पर कड़ा आक्रोश जताया। एसोसिएशन ने विधायक से 24 घंटे के भीतर आम जनता के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधिकारी और कर्मी आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।झारखंड पुलिस एसोसिएशन शाखा धनबाद के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि द्वारा पुलिस पदाधिकारी के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन का कहना है कि इस तरह के व्यवहार से पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।एसोसिएशन के अनुसार, बरवाअड्डा थाना प्रभारी की ओर से इस पूरे मामले को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन, रांची के अध्यक्ष को लिखित शिकायत भी दी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कथित फोन पर गाली-गलौज के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे।आरोप है कि विधायक और उनके समर्थक थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में प्रवेश कर गए और इस दौरान टेबल पर रखे सामान को नुकसान पहुंचाया गया। साथ ही पुलिस पदाधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने साफ कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो झारखंड पुलिस एसोसिएशन और झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन, रांची के निर्देश के अनुसार धनबाद जिले के पुलिस अधिकारी और कर्मी धरना-प्रदर्शन, सड़क जाम और काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराएंगे।पदाधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि यदि विधायक 24 घंटे के भीतर आम जनता के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो आगे की कार्रवाई के लिए उच्च पदाधिकारियों से अनुमति ली जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर धनबाद जिले में पदस्थापित पुलिस अधिकारी और कर्मी अपने कर्तव्यों से अनुपस्थित रहकर भी विरोध दर्ज करा सकते हैं।फिलहाल पुलिस एसोसिएशन ने साफ कर दिया है कि सम्मान और कार्रवाई के सवाल पर वह पीछे हटने वाला नहीं है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि डुमरी विधायक जयराम महतो इस मांग पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और प्रशासन इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।

वायरल ऑडियो एडिटेड, CCTV फुटेज सार्वजनिक करें: जयराम महतो

वायरल ऑडियो एडिटेड, CCTV फुटेज सार्वजनिक करें: जयराम महतोधनबाद: बरवाअड्डा थाना परिसर में 21 अगस्त को हुए विवाद के बाद वायरल ऑडियो को लेकर डुमरी विधायक जयराम महतो ने पलटवार किया है। उन्होंने ऑडियो को एडिट कर संदर्भ से हटाकर वायरल करने का आरोप लगाया और कहा कि थाना प्रभारी से उनकी करीब 11 मिनट बातचीत हुई थी।जयराम महतो ने घटना की पूरी CCTV फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने थाना परिसर में मारपीट के आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि वीडियो सामने आने से सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।विधायक ने कहा कि वायरल ऑडियो निजी बातचीत का हिस्सा था और इसे काट-छांटकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है। उन्होंने मामले में निजता हनन का मुकदमा दर्ज कराने की बात कही।उन्होंने बरवाअड्डा थाना प्रभारी पर आम लोगों से दुर्व्यवहार और बालू ट्रैक्टर चालकों से कथित वसूली के गंभीर आरोप भी लगाए। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।महिला पुलिस अधिकारी को लेकर लगाए गए एक अन्य आरोप की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। विधायक ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि जनता के मुद्दे उठाना जनप्रतिनिधि का अधिकार है।

धनबाद : रक्षाबंधन पर अनोखी पहल: स्कूली बच्चों ने वाहन चालकों को राखी बांधकर दिलाया सड़क सुरक्षा का संकल्प

धनबाद रक्षाबंधन पर अनोखी पहल: स्कूली बच्चों ने वाहन चालकों को राखी बांधकर दिलाया सड़क सुरक्षा का संकल्पधनबाद : रक्षाबंधन के अवसर पर धनबाद में सड़क सुरक्षा को लेकर तीन दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की पहल पर जिला प्रशासन, यातायात पुलिस, परिवहन विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के पांच प्रमुख चौक-चौराहों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।अभियान के दौरान स्कूली बच्चों ने अनोखे अंदाज में वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। बच्चों ने दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रोककर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया।उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि रक्षाबंधन सुरक्षा और विश्वास का पर्व है। जब बच्चे वाहन चालकों को राखी बांधकर सुरक्षित यात्रा का वचन मांगते हैं, तो यह संदेश सीधे दिल तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि लोगों को जुर्माने के डर से नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारी समझकर यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रवर्तन के साथ जन-जागरूकता भी जरूरी है। हेलमेट और सीट बेल्ट महज नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षक साधन हैं। उन्होंने लोगों से गति सीमा और यातायात संकेतों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।पहले दिन किसान चौक, बिनोद बिहारी चौक, राहुल चौक कतरास, हरना चौक और महुदा चौक पर अभियान चलाया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बैनर, तख्तियों और संवाद के माध्यम से वाहन चालकों को जागरूक किया तथा उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया।अभियान में प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं यातायात पुलिस की टीम ने भी लोगों से अपील की कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों को अपनी आदत का हिस्सा बनाएं।

धनबाद : माननीय मंत्री ने छाताबाद भू-धंसान प्रभावितों व बीसीसीएल के बीच कराया समझौता

माननीय मंत्री ने छाताबाद भू-धंसान प्रभावितों व बीसीसीएल के बीच कराया समझौताझारखंड सरकार के जल संसाधन विभाग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के माननीय मंत्री हफीजुल हसन की अध्यक्षता में तथा माननीय विधायक टुंडी मथुरा प्रसाद महतो की उपस्थिति में आज संध्या सर्किट हाउस में छाताबाद के भू-धंसान प्रभावित परिवारों, बीसीसीएल तथा जेआरडीए के बीच बैठक संपन्न हुई।लगभग 4 घंटे तक चली बैठक में सभी पक्षों को सुनने के बाद माननीय मंत्री ने छाताबाद के भू-धंसान प्रभावित परिवारों एवं बीसीसीएल के बीच पुनर्वास, मुआवजा, चिकित्सीय सहायता सहित अन्य मुद्दों पर समझौता कराया।प्रभावित परिवारों की मांग पर भू-धंसान क्षेत्र का आईआईटी आईएसएम से सर्वेक्षण करा कर डेंजर जोन का सीमांकन करने एवं उसकी रिपोर्ट एक माह के अंदर देने पर सहमति बनी। साथ-साथ घटना में घायल लोगों की चिकित्सकीय सहायता एवं सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने, खनन के दौरान सुरक्षा व ब्लास्टिंग के नियमों का पालन करने, घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, डेंजर जोन के सर्वे में मस्जिद, मदरसा, ईदगाह एवं स्कूल को शामिल करने पर सहमति बनी। बैठक के दौरान माननीय मंत्री ने कहा कि वे माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर तथा उनके प्रतिनिधि बनकर आज छाताबाद का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने भू-धंसान की घटना पर चिंता जताई है। राज्य सरकार के लिए भू-धंसान तथा डेंजर जोन में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। बैठक में भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्र के आसपास इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम तैयार करने का निर्देश माननीय मंत्री ने दिया। वहीं बीसीसीएल ने बताया कि प्रभावित परिवारों के लिए बेलगड़िया के अलावा अन्य 20-21 साइट शिफ्टिंग के लिए तैयार रखी गई है। उप विकास आयुक्त ने कहा कि डेंजर जोन में रहने वाले लोगों को कई बार बस में बैठाकर बेलगड़िया का भ्रमण कराया है। भ्रमण के दौरान वे बेलगड़िया में रहने के लिए राजी हो जाते हैं। लेकिन वापस जाकर शिफ्टिंग करने के लिए राजी नहीं होते हैं। उन्होंने कहा कि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बेलगड़िया में पानी, बिजली, सड़क, स्कूल, कॉलेज, स्वास्थ्य केन्द्र सहित सभी बुनियादी सुविधाएं प्रदान की है। विस्थापितों के रोजगार के लिए भी कई योजनाओं पर काम चल रहा है।बैठक के समापन पर सभी पक्ष माननीय मंत्री की उपस्थिति में सभी बिंदुओं पर राजी हो गए और बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक श्री संजय कुमार सिंह, वार्ड 32 छाताबाद के पार्षद मोहम्मद शाहबुद्दीन, चंद्रशेखर अग्रवाल, श्री मन्नु आलम के अलावा जेआरडीए, बीसीसीएल के पदाधिकारी व छाताबाद के नागरिक मौजूद थे।

धनबाद में BIS की बड़ी कार्रवाई: बिना वैध लाइसेंस हॉलमार्क आभूषण बेच रही दुकान पर छापा, 140 ग्राम सोना जब्त

धनबाद में BIS की बड़ी कार्रवाई: बिना वैध लाइसेंस हॉलमार्क आभूषण बेच रही दुकान पर छापा, 140 ग्राम सोना जब्तधनबाद: भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), जमशेदपुर शाखा कार्यालय की प्रवर्तन टीम ने धनबाद जिले के गोविंदपुर स्थित जीटी रोड पर संचालित एक प्रमुख आभूषण प्रतिष्ठान में औचक छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान दुकान में बिना वैध लाइसेंस के सोने के जेवरातों पर मानक चिह्न (हॉलमार्क) लगाकर बेचे जाने का गंभीर मामला उजागर हुआ है. बीआइएस की टीम ने मौके से लगभग 140 ग्राम अवैध हॉलमार्कयुक्त सोने के आभूषण जब्त किए हैं.गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई:BISअधिकारियों को गुप्त और विश्वसनीय सूचना मिली थी कि गोविंदपुर स्थित उक्त आभूषण दुकान में गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (क्यूसीओ) के नियमों की अनदेखी की जा रही है. दुकान संचालक बिना बीआइएस लाइसेंस प्राप्त किए ही आभूषणों पर हॉलमार्क का उपयोग कर ग्राहकों को बेच रहा था. सूचना की पुष्टि के बाद जमशेदपुर शाखा द्वारा एक विशेष प्रवर्तन दल का गठन किया गया, जिसने दुकान में अचानक पहुंचकर ‘सर्च एंड सीजर अभियान चलाया.140 ग्राम सोना जब्त, BIS एक्ट के तहत मामला दर्ज:जांच में यह स्पष्ट हो गया कि दुकान मालिक BIS के वैध प्रमाण पत्र के बिना ही मानक चिह्न का गैर-कानूनी इस्तेमाल कर रहा था. टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान से 140 ग्राम हॉलमार्कयुक्त सोने के जेवरात विधिवत जब्त कर लिए. बीआइएस अधिकारियों के अनुसार, यह कृत्य भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 की धारा 15 का सीधा उल्लंघन है. भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 की धारा 29 (2) के तहत बिना लाइसेंस हॉलमार्क या मानक चिह्न का उपयोग करना एक संज्ञेय अपराध है.

धनबाद : स्वावलंबी ग्राम नेरो में वृहद स्तर पर किया पौधरोपण

धनबाद : स्वावलंबी ग्राम नेरो में वृहद स्तर पर किया पौधरोपण*ग्रामीणों ने लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प*”एक पौधा – एक संकल्प – एक बेहतर भविष्य” के ध्येय के साथ तोपचांची प्रखंड का स्वावलंबी ग्राम नेरो रविवार को वृहद पौधारोपण अभियान का गवाह बना। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने स्वयं पौधा लगाकर इस हरित अभियान की शुरुआत की और ग्रामीणों को पर्यावरण संतुलन, गांव को स्वच्छ-सुंदर बनाने का संकल्प दिलाया तथा उनको प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया।पौधारोपण करने के बाद उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन, प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण अति आवश्यक है। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को “एक पौधा – एक संकल्प – एक बेहतर भविष्य” के ध्येय के साथ प्रकृति संरक्षण और स्वच्छ-सुंदर गांव के निर्माण का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के दौरान सैंकड़ों फलदार, औषधीय गुण वाले पौधों का रोपण किया गया।उपायुक्त ने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण अति आवश्यक है। झारखंड प्राकृतिक रूप से समृद्ध राज्य है। पर्याप्त वर्षा का लाभ उठाकर अधिक से अधिक पौधारोपण करना समय की आवश्यकता है। कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका सुदृढ़ करने के उद्देश्य से फलदार पौधों को प्राथमिकता दी गई है, ताकि लोग पौधों के संरक्षण के लिए भी प्रेरित हों।उपायुक्त ने कहा कि नई पीढ़ी ही पर्यावरण की वास्तविक संरक्षक है। प्रत्येक व्यक्ति को पेड़ों के महत्व को समझते हुए अपने जीवन में कम से कम 20 से 30 पौधे अवश्य लगाने चाहिए। उन्होंने ‘वन रक्षाबंधन’ एवं ‘वन देवी’ जैसी पारंपरिक अवधारणाओं की सराहना की।उपायुक्त के नेरो पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका पारंपरिक रीति रिवाज से स्वागत किया। महिलाओं ने उपायुक्त की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर आगामी रक्षाबंधन त्यौहार की शुभकामनाएं दी। वहीं पौधारोपण करने के बाद उपायुक्त ने गांव की सबसे छोटी बच्ची को अपने साथ बैठाकर सभी को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।मौके पर माननीय विधायक टुंडी के प्रतिनिधि, तोपचांची की अंचल अधिकारी, प्रखंड प्रमुख सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

धनबाद पुलिस को मिला बड़ी सफलता, सात अपराधियों के साथ हथियार और जिंदा गोली और चोरी का बाइक बरामद।

धनबाद पुलिस को मिला बड़ी सफलता, सात अपराधियों के साथ हथियार और जिंदा गोली और चोरी का बाइक बरामद।धनबाद में आधी रात को धनसार थाना क्षेत्र में दो बाइक पर सवार छः युवक पुलिस को देखते ही भागने लगे, लेकिन पीछा कर सभी को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस को एक युवक की कमर से कट्टा और जिंदा कारतूस मिला मामला धनसार थाना क्षेत्र के कलासंगम मनईटांड़ का है। बात दे कि 22 अगस्त की रात करीब साढ़े तीन बजे गश्ती दल ने दो बाइक पर तीन-तीन युवकों को देखा। पुलिस वाहन देखते ही सभी भागने लगे। गांधी नगर शिव मंदिर के पास पुलिस ने सीटी हॉक्‍स की मदद से घेरकर उन्हें पकड़ लिया।तलाशी में आजाद आलम की कमर से देशी कट्टा और मुकेश कुमार की जेब से 3.15 एमएम की जिंदा गोली मिली।पूछताछ में सामने आया कि एक बाइक चोरी की है, जिसे मटकुरिया से चोरी करने की बात बताई गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की नीयत से घूम रहे थे।हथियार देने वाले जग्गू पासवान का नाम सामने आने के बाद आजाद की निशानदेही पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।मामले में कुल 7 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं और दो बाइक, कट्टा व जिंदा गोली बरामद की गई है। पकड़े गये सभी अभियुक्तों का पुर्व से ही अपराधीक इतिहास रहा है

आशनी सिंह के प्रयास से 48 बीसीसीएल कर्मचारियों को राहत, मुनीडीह ट्रांसफर आदेश रद्द

आशनी सिंह के प्रयास से 48 बीसीसीएल कर्मचारियों को राहत, मुनीडीह ट्रांसफर आदेश रद्दधनबाद : राष्ट्रीय जनता कामगार संघ के महामंत्री आशनी सिंह के प्रयास से बीसीसीएल के विभागीय जूनियर ओवरमैन ग्रेड T&C में चयनित 48 कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। बताया गया कि 12 मई 2026 को इन कर्मचारियों का W.J. मुनीडीह में स्थानांतरण किया गया था, जिसे कर्मचारियों के हित में उचित नहीं बताते हुए संघ की ओर से विरोध किया गया था।राष्ट्रीय जनता कामगार संघ की महामंत्री आशनी सिंह के नेतृत्व में मजदूर नेता अरविंद कुमार सिंह के अथक प्रयास से पूर्व में जारी कार्यालय आदेश को रद्द कराया गया। इसके बाद 21 अगस्त 2026 को बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से सभी 48 कर्मचारियों को बीसीसीएल के विभिन्न एरिया में स्थानांतरित करते हुए नई पोस्टिंग दी गई।संघ के नेताओं ने इसे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि संगठन लगातार मजदूरों की समस्याओं और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाता रहेगा। इस निर्णय के बाद संबंधित कर्मचारियों में भी राहत और संतोष का माहौल है।

एगारकुंड व धनबाद ग्रामीण के अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन संपन्न

एगारकुंड व धनबाद ग्रामीण के अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन संपन्नशनिवार को होमगार्ड बहाली के अंतर्गत एगारकुंड व धनबाद ग्रामीण से चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों का मेडिकल व डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया गया।इसकी जानकारी देते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि आज एगारकुंड व धनबाद ग्रामीण के अभ्यर्थियों का मेडिकल और डोक्युमेंट वेरिफिकेशन किया गया। प्रक्रिया के दौरान सभी अभ्यर्थी आवेदन में प्रस्तुत सभी प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियाँ, स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रतियाँ और पीछे नाम व रोल नंबर अंकित 4 पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो के साथ स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि सोमवार, *24 अगस्त* को शहरी गैर-तकनिकी (धनबाद) व शहरी गैर तकनीकी चिरकुंडा, *25 अगस्त* को शहरी गैर-तकनिकी धनबाद (मेधा सूची क्रमांक 01 से 100) के पुरुष अभ्यर्थी, *27 अगस्त* को शहरी गैर तकनिकी (धनबाद) मेघा सूची क्रमांक 101 से 200 तक के पुरुष अभ्यर्थी, *29 अगस्त* को शहरी तकनिकी (धनबाद) मेघा सूची क्रमांक 1 से 115 तक के पुरुष अभ्यर्थी, *31 अगस्त* को शहरी तकनीकी (धनबाद) मेघा सूची क्रमांक 1 से 24 तक की महिला अभ्यर्थी एवं मेघा सूची क्रमांक 116 से 201 तक के पुरुष अभ्यर्थी का मेडिकल व डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा। जबकि छुटे हुए अभ्यर्थियों को 01 सितंबर 2026 को मेडिकल व डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराने का अंतिम अवसर दिया जाएगा।उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को किसी भी बिचौलिए के झांसे में नहीं आने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी बिचौलिया किसी भी अभ्यर्थी को राशि लेकर उनका काम कराने का प्रलोभन देता है तो अभ्यर्थी सीधे होमगार्ड डीएसपी के मोबाइल नंबर 6299226344 पर संपर्क करें। साथ में उन्होंने अभ्यर्थियों से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देनेे का अनुरोध किया है।