𝗧𝗩 𝟯𝟳

𝗧𝗛𝗘 𝗙𝗢𝗨𝗥𝗧𝗛 𝗣𝗜𝗟𝗟𝗔𝗥 𝗢𝗙 𝗗𝗘𝗠𝗢𝗖𝗥𝗔𝗖𝗬

बरवाअड्डा थाना प्रभारी से कथित गाली-गलौज मामले में पुलिस एसोसिएशन का आक्रोश, जयराम महतो से 24 घंटे में सार्वजनिक माफी की मांग

Spread the love

बरवाअड्डा थाना प्रभारी से कथित गाली-गलौज मामले में पुलिस एसोसिएशन का आक्रोश, जयराम महतो से 24 घंटे में सार्वजनिक माफी की मांगविधायक पर प्राथमिकी और कार्रवाई की मांग……………कार्रवाई नहीं हुई तो काला बिल्ला, धरना, सड़क जाम और कार्य बहिष्कार तक का आंदोलन.धनबाद में बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा फोन पर कथित गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन शाखा धनबाद ने मंगलवार को धनबाद पुलिस केंद्र में प्रेस वार्ता कर इस मामले पर कड़ा आक्रोश जताया। एसोसिएशन ने विधायक से 24 घंटे के भीतर आम जनता के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधिकारी और कर्मी आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।झारखंड पुलिस एसोसिएशन शाखा धनबाद के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि द्वारा पुलिस पदाधिकारी के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन का कहना है कि इस तरह के व्यवहार से पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।एसोसिएशन के अनुसार, बरवाअड्डा थाना प्रभारी की ओर से इस पूरे मामले को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन, रांची के अध्यक्ष को लिखित शिकायत भी दी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कथित फोन पर गाली-गलौज के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे।आरोप है कि विधायक और उनके समर्थक थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में प्रवेश कर गए और इस दौरान टेबल पर रखे सामान को नुकसान पहुंचाया गया। साथ ही पुलिस पदाधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने साफ कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो झारखंड पुलिस एसोसिएशन और झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन, रांची के निर्देश के अनुसार धनबाद जिले के पुलिस अधिकारी और कर्मी धरना-प्रदर्शन, सड़क जाम और काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराएंगे।पदाधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि यदि विधायक 24 घंटे के भीतर आम जनता के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो आगे की कार्रवाई के लिए उच्च पदाधिकारियों से अनुमति ली जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर धनबाद जिले में पदस्थापित पुलिस अधिकारी और कर्मी अपने कर्तव्यों से अनुपस्थित रहकर भी विरोध दर्ज करा सकते हैं।फिलहाल पुलिस एसोसिएशन ने साफ कर दिया है कि सम्मान और कार्रवाई के सवाल पर वह पीछे हटने वाला नहीं है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि डुमरी विधायक जयराम महतो इस मांग पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और प्रशासन इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *