हथियार बनाने के ठिकाने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लेथ मशीन समेत 55 तरह के सामान बरामददुमका। हंसडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियार निर्माण से जुड़े एक संदिग्ध ठिकाने का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पदाधिकारी से प्राप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष छापेमारी दल ने रामगढ़ मोड़, पीताम्बर लाइन होटल के समीप, मौजा सिलठा स्थित एक पक्के मकान में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, मकान के दो अलग-अलग कमरों से हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी, औजार और पिस्टल के विभिन्न पुर्जों जैसे आकार वाले लोहे के कटे हुए हिस्सों समेत कुल 55 प्रकार के सामान बरामद किए गए।छापेमारी हंसडीहा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक प्रियंका आनंद के नेतृत्व में की गई। टीम में हंसडीहा थाना प्रभारी पु०अ०नि० अजीत कुमार यादव, जामा थाना प्रभारी पु०अ०नि० अजीत कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी पु०अ०नि० मनीष कुमार, पु०अ०नि० दिलीप हांसदा, दुमका जिला तकनीकी शाखा के कर्मी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारीपुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए अक्षय कुमार (करीब 25 वर्ष), पिता दीपक मरिक को उसके घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले में शामिल अन्य प्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।लेथ मशीन से लेकर पिस्टलनुमा पुर्जे तक बरामदपुलिस की जप्ती सूची में एक बड़ी लेथ मशीन, मिलिंग मशीन, दो ड्रिल मशीन, मोटर, कट-ऑफ सॉ, एंगल ग्राइंडर, वेल्डिंग मशीन सहित कई मशीनरी शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में लोहे के ब्लॉक, ड्रिल बिट, कॉलेट, टूल बिट, वार्नियर कैलिपर, विभिन्न प्रकार के औजार और लोहे के कटे हुए हिस्से बरामद किए गए हैं।बरामद सामान में कुछ लोहे के हिस्से पिस्टल स्लाइड, पिस्टल ग्रिप, पिस्टल बैरल और मैगजीन के आकार के बताए गए हैं। पुलिस ने पिस्टल के बैरल जैसे बने दो लोहे के हिस्से, पिस्टलनुमा संरचनाएं तथा पिस्टल ग्रिप और स्लाइड के आकार से मिलते-जुलते कटे हुए लोहे के हिस्से भी जप्त किए हैं।जप्त सामान में लोहे के कई ब्लॉक, स्क्रैप, हथौड़ी, छेनी, रेती, हेक्साब्लेड, रिंच, ड्रिल बिट और अन्य तकनीकी उपकरण भी शामिल हैं। पुलिस ने एक सनमाइका से बनी पिस्टल आकार की संरचना भी बरामद की है, जिसके आकार को जप्त किए गए एक लोहे के पिस्टल-ग्रिपनुमा हिस्से से मेल खाता बताया गया है।पुलिस जांच में जुटीपुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद मशीनरी और पुर्जों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था तथा इस गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हथियार निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों का खुलासा होने की संभावना है।
दुमका : हथियार बनाने के ठिकाने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लेथ मशीन समेत 55 तरह के सामान बरामद












Leave a Reply