कतरास : धनबाद के सिजुआ क्षेत्र अंतर्गत तेतुलमारी के चंदौर पहाड़ी में एलएएमपीएस आउटसोर्सिंग कंपनी और ग्रामीणों के बीच सोमवार को हुई झड़प के मामले में तेतुलमारी पुलिस ने मंगलवार को दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को माइंस पहुंचकर कंपनी के कार्य का विरोध किया।
चंदौर पहाड़ी की महिलाओं का आरोप है कि जब वे शौच के लिए जाती हैं, तो आउटसोर्सिंग कंपनी के कुछ कर्मी वहां जुटकर शराब पीते हैं और उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के साथ छेड़खानी करते हैं। महिलाओं के अनुसार, इसको लेकर विरोध करने और हंगामा होने के बाद आरोपी भागने लगे, इसी दौरान गिरकर घायल हो गए।
महिलाओं ने तेतुलमारी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने कंपनी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनेश कुमार को जेल भेज दिया, लेकिन ग्रामीणों की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने इसे एकतरफा कार्रवाई बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
मामले में कंपनी के साइड इंचार्ज आतिश सिंह के लिखित आवेदन पर तेतुलमारी थाना कांड संख्या 56/2026 के तहत आठ नामजद सहित अज्ञात महिला-पुरुष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मंगलवार को ग्रामीणों के विरोध के दौरान मौके पर मौजूद सीआईएसएफ के जवानों और कंपनी प्रबंधन ने मामले पर कुछ भी कहने से परहेज किया।
फिलहाल, ग्रामीणों के आरोपों और उनकी शिकायत पर पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
#Tetulmari #Katras #DhanbadNews #Jharkhand











Leave a Reply