उप विकास आयुक्त ने की कौशल विकास योजनाओं की समीक्षाउप विकास आयुक्त सन्नी राज ने आज समाहरणालय के सभागार में जिला कौशल समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले में संचालित कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा की।बैठक में युवाओं के कौशल संवर्धन, रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और आगामी कार्ययोजना तैयार की गई।उप विकास आयुक्त ने मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार की पीएम – सेतु, पीएम – एनएपीएस (नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम) सहित अन्य महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन की स्थिति का भी विस्तृत जायजा लिया।उप विकास आयुक्त ने जिला कौशल कार्यालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए जिला कौशल विकास प्लान को समयबद्ध रूप से तैयार करने का निर्देश दिया। साथ में संबंधित विभागों से आवश्यक डेटा अविलंब उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि समेकित प्लान तैयार कर राज्य मुख्यालय को प्रेषित किया जा सके। इसके अलावा टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी, इलेक्ट्रिक व्हीकल रिपेयरिंग, मोबाइल फोन, खनन, रिटेल ट्रेनिंग एसोसिएट सहित अन्य क्षेत्र में युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।बैठक में जिले में संचालित प्रशिक्षण केंद्रों में विभिन्न ट्रेडों के तहत युवाओं को प्रशिक्षण दिलाने हेतु जिला स्तर से प्रस्ताव तैयार कर भेजने पर सहमति बनी। वहीं मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उन्हें मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना (सीएमईजीपी) एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) की विस्तृत जानकारी व लाभ उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जबकि युवाओं को व्यावहारिक अनुभव प्रदान कराने के लिए विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग से जोड़ने पर विशेष चर्चा की गई।उप विकास आयुक्त ने समय-समय पर आयोजित होने वाले नियोजन मेला में नियोजकों की संख्या बढ़ाने, प्लेसमेंट के बाद अभ्यर्थी की नियमित ट्रैकिंग करने, जिले के हर प्रखंड के युवाओं को ट्रेनिंग का सामान लाभ प्रदान करने, समय की मांग को देखते हुए अभ्यर्थी को उस क्षेत्र का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया।बैठक में सहायक श्रमायुक्त सह जिला कौशल अधिकारी श्री प्रवीण कुमार, जिला कौशल समन्वयक श्री देवेश कुमार, नियोजन सहायक निदेशक पद्मा कुमारी, एलडीएम श्री अमित कुमार, डीएमएफटी के श्री अमर कुमार श्रीवास्तव, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री संजीत कुमार सिन्हा, खेल पदाधिकारी श्री उमेश लोहरा, डीएसई शालिनी डुंगडुंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिला कौशल समिति के सदस्य उपस्थित थे।
उप विकास आयुक्त ने की कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा











Leave a Reply