𝗧𝗩 𝟯𝟳

𝗧𝗛𝗘 𝗙𝗢𝗨𝗥𝗧𝗛 𝗣𝗜𝗟𝗟𝗔𝗥 𝗢𝗙 𝗗𝗘𝗠𝗢𝗖𝗥𝗔𝗖𝗬

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन

Spread the love

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजनराष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, धनबाद द्वारा मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, धनबाद में “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” थीम के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं खेल गतिविधियों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के खिलाड़ियों एवं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनमें खेल भावना एवं अनुशासन का विकास करना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।इस अवसर पर कबड्डी, फुटबॉल, तीरंदाजी (Archery), बॉक्सिंग, किक बॉक्सिंग एवं कराटे सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में जिले के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा, कौशल एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने को मिली।कार्यक्रम के दौरान भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी एवं “हॉकी के जादूगर” मेजर ध्यानचंद के जीवन, खेल उपलब्धियों तथा देश के लिए उनके योगदान को याद किया गया। इस अवसर पर तीरंदाजी की प्रतिभावान खिलाड़ियों यशिका दत्ता, रियांशिका एवं आराध्या दत्ता ने मेजर ध्यानचंद के जीवन एवं उनकी खेल उपलब्धियों पर अपने विचार एवं प्रेरणादायी वक्तव्य प्रस्तुत किए। खिलाड़ियों ने उनके अनुशासन, समर्पण, निरंतर अभ्यास एवं देश के प्रति निष्ठा को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।प्रतियोगिताओं के उपरांत विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह एवं खुशी का माहौल रहा।इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी, धनबाद श्री उमेश लोहरा ने सभी खिलाड़ियों एवं खेल प्रशिक्षकों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “राष्ट्रीय खेल दिवस हमें हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के अद्वितीय खेल कौशल, अनुशासन, समर्पण एवं देश के प्रति उनकी निष्ठा की याद दिलाता है। उनका जीवन प्रत्येक खिलाड़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं सकारात्मक सोच का भी विकास करता है।”उन्होंने कहा कि जिला खेल कार्यालय का निरंतर प्रयास है कि धनबाद जिले के अधिक से अधिक बच्चे एवं युवा खेलों से जुड़ें तथा उन्हें अपनी प्रतिभा विकसित करने के साथ-साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने के लिए उचित मंच एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। “एक घंटा खेल के मैदान में” तथा “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” जैसे संदेशों के माध्यम से जिले में खेल संस्कृति को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, मेहनत एवं खेल भावना के साथ खिलाड़ी अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के साथ-साथ शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने तथा भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर धनबाद एवं झारखंड का नाम रोशन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में अविजित पात्र, एम.डी. सरफराज, बिनोद राउत, बिपिन दत्ता, संतोष कुमार (जिला स्तरीय पर्यटन विशेषज्ञ), लक्ष्मण मुर्मू (फुटबॉल कोच), बबली कुमारी, रिंकू कुमारी सहित अन्य सहयोगियों एवं खेल प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर किक बॉक्सिंग एवं कराटे कोच राज संचू एवं आशीष तथा बॉक्सिंग कोच अभिमन्यु एवं खुशबू भी उपस्थित रहे।मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, धनबाद में आयोजित इन खेल गतिविधियों के माध्यम से खिलाड़ियों, युवाओं एवं आम नागरिकों तक “एक घंटा खेल के मैदान में” एवं “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” का संदेश पहुंचाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से जिले में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने, नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा स्वस्थ, सक्रिय एवं खेलप्रेमी समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *