𝗧𝗩 𝟯𝟳

झारखण्ड और उत्तरप्रदेश का उभरता हुआ न्यूज़ नेटवर्क

धनबाद में साइबर अपराधियों के खिलाफ ‘साइबर शील्ड’ का बड़ा एक्शन, 5 गिरफ्तार

Spread the love

धनबाद में साइबर अपराधियों के खिलाफ ‘साइबर शील्ड’ का बड़ा एक्शन, 5 गिरफ्तारबरामद हुए 20 मोबाइल, 3 लैपटॉप और 23 बैंक पासबुक समेत कई दस्तावेज………….टुंडी के भालपहाड़ी गांव में पुलिस की विशेष छापेमारी…………… 17 पुलिस पदाधिकारी और 80 जवान ऑपरेशन में रहे शामिल…………….धनबाद जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने ‘साइबर शील्ड’ नाम से मेगा ऑपरेशन शुरू किया है। इसी अभियान के तहत धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी गांव में छापेमारी कर पांच कथित संगठित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन लैपटॉप, 20 मोबाइल फोन, जिनमें चार आईफोन भी शामिल हैं, 23 बैंक पासबुक, 16 एटीएम कार्ड और विभिन्न बैंकों के 10 चेकबुक समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में टुंडी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजिय कर धनबाद के ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने बताया कि धनबाद जिले में पिछले कुछ दिनों से साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं की सूचनाएं मिल रही थीं। इन घटनाओं पर रोक लगाने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर ‘साइबर शील्ड’ नामक मेगा ऑपरेशन शुरू किया गया।इसी क्रम में 14 अक्टूबर 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी गांव में कुछ साइबर अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन कर गांव में छापेमारी की गई। इस अभियान में 17 पुलिस पदाधिकारियों के साथ 80 महिला और पुरुष पुलिसकर्मी शामिल थे।छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी निवासी राजू कुमार मंडल, उत्तम कुमार मंडल और अजीत कुमार मंडल के अलावा देवघर जिले के दिलीप कुमार मंडल तथा कोडरमा जिले के उमेश कुमार राणा के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन लैपटॉप, 20 स्मार्टफोन और कीपैड मोबाइल बरामद किए हैं। इनमें चार आईफोन शामिल हैं। इसके अलावा 16 एटीएम कार्ड, चार पैन कार्ड, चार आधार कार्ड, 23 बैंक पासबुक, विभिन्न बैंकों के 10 चेकबुक, एक ई-पॉस मशीन, तीन आरसी बुक और एक ग्रीन रेमिट कार्ड भी बरामद किया गया है।इस मामले में टुंडी थाना कांड संख्या 77/26 के तहत 15 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(C) तथा 66(D) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।धनबाद पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ‘साइबर शील्ड’ अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद साइबर अपराध में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की जांच भी महत्वपूर्ण होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *