𝗧𝗩 𝟯𝟳

झारखण्ड और उत्तरप्रदेश का उभरता हुआ न्यूज़ नेटवर्क

धनतेरस पर बाजारों में पुलिस का पहरा, अपराधियों पर DIG की नजर! वैभव कृष्ण ने मुगलसराय में परखी सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था

Spread the love

चन्दौली। धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 6 नवंबर 2026 को पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल और अन्य अधिकारियों के साथ मुगलसराय थाना क्षेत्र के प्रमुख एवं संवेदनशील बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल

पैदल गश्त के दौरान DIG ने पुलिस बल की तैनाती, पिकेट ड्यूटी और सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्राफा कारोबारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याएं एवं सुझाव जाने। साथ ही लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

10 साल के अपराध रिकॉर्ड की समीक्षा

त्योहारों के दौरान लूट और डकैती की घटनाओं की आशंका को देखते हुए DIG ने पिछले 10 वर्षों में दीपावली एवं भैया दूज के अवसर पर हुई वारदातों की समीक्षा की। उन्होंने सक्रिय अपराधियों पर सतर्क निगरानी रखने और उनके खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक प्लान पर जोर

बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन योजना की भी समीक्षा की गई। पार्किंग स्थलों, वैकल्पिक मार्गों और वन-वे व्यवस्था की व्यवहार्यता पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को यातायात सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

DIG वैभव कृष्ण ने संबंधित अधिकारियों को नियमित पैदल गश्त, प्रभावी चेकिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और व्यापारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने को कहा। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजारों में सुरक्षा, सुगम यातायात और आमजन का भरोसा कायम रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *